IMD का अलर्ट: 1 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं बारिश-ओले तो कहीं आग बरसाएगा सूरज!
मौसम विभाग ने आज, 1 मई के लिए मौसम से जुड़े अलर्ट जारी किए हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों जैसे सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।
वहीं, ओडिशा में आज गर्मी और उमस का मौसम रहेगा, जबकि कर्नाटक के कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा, कल से पश्चिमी हिमालय में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे वहां के तापमान में बदलाव आ सकता है।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया है। वहीं, पश्चिम राजस्थान में अगले 2 दिनों तक भी ऐसी ही भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। असम और मेघालय में 4 मई तक बारिश के साथ गरज और बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
अरुणाचल प्रदेश में 6 मई तक बारिश का अनुमान है, जिसमें कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। उधर, दक्षिण बंगाल में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और यहां अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।