गुजरात पर आसमानी आफत: कपराडा में रिकॉर्ड 42 सेंटीमीटर बारिश, IMD ने दी चेतावनी
देश
गुजरात में हाई अलर्ट की स्थिति बनी हुई है। वलसाड के कपराडा में पिछले 24 घंटों में 42 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, मुंबई और जम्मू-कश्मीर में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
गुजरात के जिलों में फ्लैश फ्लड अलर्ट
गुरुवार सुबह तक वलसाड, नवसारी, सूरत और भरूच जिलों के लिए फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और भूस्खलन जैसी दिक्कतें आ सकती हैं।
मुंबई और उसके आस-पास के ठाणे और रायगढ़ में भी ऐसी ही परेशानियां देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, विदर्भ और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली में केवल हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।