मानसून की ज़ोरदार वापसी! 24 प्रतिशत कमी के बावजूद इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
लंबे समय से सुस्त चल रहे मानसून के बाद भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, पूरे देश में बारिश अभी भी सामान्य से 24 प्रतिशत कम है। सबसे ज्यादा मार पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत पर पड़ी है, जहां बारिश 36 प्रतिशत कम हुई है। दक्षिण प्रायद्वीप में भी बारिश 28 प्रतिशत पीछे चल रही है।
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड में 19 से 21 जुलाई तक बारिश
19 से 21 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। पश्चिम मध्य प्रदेश में सोमवार से लगातार पांच दिन बारिश होने वाली है। वहीं मंगलवार से छत्तीसगढ़ में भी बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। कोंकण और गोवा तथा महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी आने वाले हफ्ते में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
किसानों को मौसम के अपडेट पर नजर रखने की सलाह
यह मानसूनी बारिश पानी की कमी से जूझ रहे किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकती है। ज्यादा बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ेगी, जिससे फसलों की सेहत भी बेहतर होगी। फिर भी, किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के अपडेट पर नजर रखें ताकि भारी बारिश होने पर वे अपने खेतों की रक्षा कर सकें।