उत्तर प्रदेश में IMD का ऑरेंज अलर्ट, अगले 2 दिन मूसलाधार बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत पर बन रहे मौसमी सिस्टम की वजह से अगले 2 दिनों तक उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा, बाराबंकी, वाराणसी और जौनपुर जैसे 13 अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में बारिश और तेज होने के आसार हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 प्रतिशत कम हुई बारिश
हाल ही में हुई जोरदार बारिश से उत्तर प्रदेश में मानसून की कमी काफी हद तक पूरी हो गई है। 30 अगस्त तक के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की कमी घटकर अब सिर्फ 14 प्रतिशत रह गई है। वहीं, पश्चिमी हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। कई इलाकों में तो रिकार्ड तोड़ बारिश हुई है। बांदा के बबेरू में एक ही दिन में 217.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस मानसून सीजन में अगर पूरे राज्य के जिलों पर नजर डालें तो 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि 31 जिलों में सामान्य और 14 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। जो लोग इन अलर्ट जोन में हैं, उनसे अनुरोध है कि वे लगातार अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।