पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में अगले 3 दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
अगर आप पंजाब, हरियाणा या चंडीगढ़ में रहते हैं, तो आपके लिए एक अहम खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 से 30 जुलाई के बीच इन राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने बताया है कि कुछ जगहों पर 12 सेंटीमीटर से भी ज्यादा बारिश हो सकती है। ऐसी स्थिति में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), सड़कों पर पानी भर जाना और नदियों का जलस्तर बढ़ना जैसी दिक्कतें सामने आ सकती हैं। लोगों को लगातार मौसम से जुड़े अपडेट देखते रहने और पहले से अपनी तैयारियां करने की सलाह दी गई है।
IMD ने तूफान से बचने के लिए जारी की सुरक्षा सलाह
तूफान से बचाव के लिए IMD ने कुछ सुरक्षा सलाह भी दी हैं। विभाग ने आगाह किया है कि भारी बारिश के चलते सड़कें चिकनी हो सकती हैं, जिससे फिसलने का खतरा बढ़ जाएगा। इसके अलावा, सड़कों पर ट्रैफिक जाम और कई इलाकों में बिजली कटौती की समस्या भी हो सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बारिश के दौरान पानी से भरी जगहों पर जाने से बचें और घरों के अंदर ही रहें। किसानों के लिए खास निर्देश हैं कि वे अपने खेतों से जमा पानी तुरंत निकालें और कटी हुई फसलों को खुले में न छोड़ें।