IIT हैदराबाद में कुत्तों की मौत का रहस्य गहराया, छात्रों को नहीं मिली सजा
IIT हैदराबाद इन दिनों विवादों में है। दरअसल, कैंपस में आवारा कुत्तों की मौत और उन्हें खाना खिलाने वाले छात्रों को सजा दिए जाने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, एक दस्तावेज में छात्रों को हॉस्टल से निकालने जैसी कड़ी कार्रवाई का जिक्र था, लेकिन संस्थान ने इन सभी दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
पुलिस 2 कुत्तों की मौत की कर रही जांच
इस बीच हॉस्टल कोऑर्डिनेटिंग यूनिट ने साफ किया है कि आवारा कुत्तों की मदद करने वाले किसी भी छात्र को संस्थान से नहीं निकाला गया। यूनिट ने बताया कि वे एनिमल वेलफेयर (पशु कल्याण) नियमों का पालन करते हैं और कैंपस में जानवरों के लिए शेल्टर और खाना खिलाने के स्थान भी बनाए गए हैं। यूनिट के प्रमुख गोपीनाथ मुव्वाला ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को भ्रामक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षाकर्मियों को केवल एक बीमार कुत्ते का शव ले जाते हुए देखा गया था, न कि उसे मारते हुए। इस पूरे मामले के बीच पुलिस अब 2 कुत्तों की मौत की जांच में जुट गई है। इनमें से एक मामले में बस ड्राइवर की नौकरी भी चली गई है। छात्र और कई एक्टिविस्ट्स (कार्यकर्ता) अब एक औपचारिक पशु कल्याण समिति बनाने की मांग कर रहे हैं, जिससे भविष्य में कैंपस में जानवरों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।