IIT-बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला जांच के बीच निलंबित, संस्थान ने बयान पर माफी मांगी
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के छात्र की आत्महत्या के मामले में नामजद प्रोफेसर और परीक्षा निरीक्षक सूर्यनारायण दूल्ला को निलंबित कर दिया गया है। यह कदम छात्रों के लगातार विरोध-प्रदर्शन के बीच लिया गया है। मामले की जांच मुंबई पुलिस की अपराध शाखा कर रही है। दूसरी तरफ, घटना को लेकर संस्थान ने अपने पहले के बयान पर माफी मांगी है। संस्थान ने कहा कि IIT-बॉम्बे के निदेशक ने इस्तीफा नहीं दिया है।
निलंबन
छात्र के माता-पिता ने दर्ज कराई थी नामजद FIR
IIT बॉम्बे के छात्र साहिल रविंद्र वाकोड़े की आत्महत्या के बाद उसके माता-पिता ने परिसर अधिकारियों पर उत्पीड़न और जाति आधारित भेदभाव का आरोप लगाया था।
उन्होंने मामले में FIR दर्ज कराई है, जिसमें परीक्षा निरीक्षक दूल्ला पर आरोप लगाया गया है। इसको लेकर छात्र लगातार दूल्ला के निलंबन की मांग कर रहे थे।
मुंबई पुलिस ने शनिवार रात को मामला अपराध शाखा को सौंप दिया। पुलिस दूल्ला और अन्य लोगों से पूछताछ कर सकती है।
माफी
IIT-बॉम्बे ने मांगी माफी
संस्थान ने साहिल की मौत को लेकर अपने पहले के बयानों पर सोमवार को माफी मांगी है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'दुर्भाग्यपूर्ण मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में हमारे पिछले संदेश में कही गई बातों के लिए हम माफी मांगते हैं। चल रही जांच को देखते हुए, उनकी मौत से पहले हुई घटनाओं के बारे में जानकारी देना या कोई राय बनाना सही नहीं था। संस्थान के निदेशक ने इस्तीफ़ा नहीं दिया है। इससे जुड़ी खबर झूठी है।'
घटना
क्या है छात्र की मौत का मामला?
यवतमाल के रहने वाले साहिल ऊर्जा विज्ञान और इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष के छात्र थे। पिछले दिनों 18 सितंबर को उनका शव छात्रावास के कमरे में मिला था।
संस्थान का कहना था कि साहिल को मध्यावधि परीक्षा में मोबाइल के साथ पकड़ा गया था। वह ChatGPT के जरिए उत्तर खोज रहा था।
इसको लेकर हंगामा शुरू हो गया। बाद में छात्र के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।