IIT बॉम्बे में द्वितीय वर्ष के छात्र का शव कमरे में मिला, हस्तलिखित नोट बरामद
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे में मंगलवार देर रात एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। उसका शव छात्रावास के कमरे में बरामद हुआ। छात्र की पहचान दिल्ली निवासी 20 वर्षीय सोहेल राजकुमार सांगवान के रूप में हुई है, जो मटेरियल साइंस के द्वितीय वर्ष के छात्र थे। पुलिस ने बताया कि छात्र का शव कमरे में पंखे के सहारे लटका हुआ था। उन्होंने चादर से फंदा लगाया था। कमरे से हाथ से लिखा नोट भी मिला है।
आत्महत्या
माता-पिता का फोन न उठाने पर घटना का पता चला
पोवाई पुलिस ने बताया कि सोहेल IIT-बॉम्बे के छात्राास नंबर 4 की चौथी मंजिल पर रहते थे।
मंगलवार दोपहर को छात्र के माता-पिता उन्हें कई बार फोन कर रहे थे, जिसका जवाब न मिलने पर उन्होंने संस्थान के अधिकारियों को सूचना दी।
छात्रावास के सुरक्षा प्रभारी, एक छात्र के साथ, उसके कमरे में गए, तो सोहेल को फांसी पर लटका पाया।
पुलिस का मानना है कि यह घटना मंगलवार दोपहर को हुई थी, हालांकि इसकी सूचना देर रात मिली थी।
सुसाइड नोट
हाथ से लिखी प्रेम कविताएं मिलीं
पुलिस ने बताया कि छात्र के कमरे से हस्तलिखित प्रेम कविताएं मिली हैं और वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उसकी आत्महत्या के पीछे 'अधूरा प्यार' है।
लेखों से संकेत मिलता है कि छात्र एकतरफा प्यार से जूझ रहा था, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने उसके मोबाइल फोन और लैपटॉप को जब्त कर लिया है, ताकि उसके कॉल और व्हाट्सएप चैट का विश्लेषण किया जा सके।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।