छत्तीसगढ़ में IED धमाका, DRG के 4 जवान शहीद
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ में कांकेर-नारायणपुर सीमा पर IED धमाका हुआ है। इसकी चपेट में आकर जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के 4 जवान शहीद हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ये जवान नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED को निष्क्रिय कर रहे थे। इसी दौरान दुर्घटनावश IED में धमाका हो गया और जवान शहीद हो गए। धमाका इतनी तेज था कि जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला और दूर तक आवाज सुनाई दी।
जवान
दुर्घटनावश फट गया IED
पुलिस ने बताया कि जवान थाना छोटेबेठिया के सीमा क्षेत्र में IED हटाने और तलाशी अभियान के लिए टीम रवाना हुए थे। यहां पहले से बिछा कर रखी गई बारूदी सुरंग हटाने के दौरान दुर्घटनावश IED में धमाका हो गया। शहीद हुए जवानों के नाम इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढपाले और कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा बताए जा रहे हैं। 3 जवान घटनास्थल पर ही शहीद हो गए, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ट्विटर पोस्ट
मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में डीमाइनिंग अभियान के दौरान IED विस्फोट में DRG के तीन वीर जवानों के शहीद होने तथा एक जवान के घायल होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) May 2, 2026
शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।…
बयान
घटना के बारे में पुलिस ने क्या बताया?
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया, "पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों की ओर से दी गई जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर माओवादियों के पूर्व में छिपाकर रखे गए सैकड़ों IED बस्तर रेंज में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की तरफ से बरामद कर निष्क्रिय किए गए थे। लेकिन आज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जब कांकेर जिला पुलिस दल IED को निष्क्रिय कर रहा था, तभी वह आकस्मिक रूप से फट गया।"