LOADING...
बंगाल मतदाता सूची से नाम गायब होने पर सेवानिवृत्त विंग कमांडर बोले- जैसे मैं अकेला गैर-भारतीय
पश्चिम बंगाल मतदाता सूची से सेवानिवृत्त विंग कमांडर मोहम्मद शमीम अख्तर का नाम गायब

बंगाल मतदाता सूची से नाम गायब होने पर सेवानिवृत्त विंग कमांडर बोले- जैसे मैं अकेला गैर-भारतीय

लेखन गजेंद्र
Apr 21, 2026
03:01 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से हटाए गए 90 लाख मतदाताओं में सेवानिवृत्त विंग कमांडर मोहम्मद शमीम अख्तर भी शामिल हैं, जो भारतीय वायुसेना के पूर्व सैनिक रहे हैं। उन्होंने मिंट से बातचीत में बताया कि 20 साल तक वायुसेना में सेवा करने के बाद वह सेवानिवृत्त हुए हैं और करीब 17 साल कमीशन अधिकारी के रूप में बिताए हैं। मतदाता सूची से नाम काटे जाने पर उनको गहरा सदमा लगा है और काफी निराश हैं।

बयान

क्या बोले सेवानिवृत्त विंग कमांडर?

अख्तर ने अखबार से बातचीत में कहा, मैं न केवल अपने लिए, बल्कि उन लाखों आम नागरिकों के लिए बेहद दुखी और निराश हूं, जिनके नाम बंगाल की मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।" उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "जब से मुझे पता चला कि मेरा नाम नहीं है तो धक्का लगा है। मेरे परिवार में सभी का नाम सूची में है। मुझे ऐसा लगता है कि मैं अपने परिवार में इकलौती ऐसी व्यक्ति हूं जो भारतीय नहीं है।"

बयान

मेरे पास सभी दस्तावेज हैं- अख्तर

अख्तर ने कहा, "मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। मेरे पास सभी दस्तावेज हैं। मेरे माता-पिता और मेरा नाम 2002 की मतदाता सूची में था। मेरा पूरा परिवार 2026 की मतदाता सूची में है। लेकिन उन लाखों आम नागरिकों का क्या जो गरीब हैं और जिनके पास कई दशक पुराने दस्तावेज हों या न हों?" उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को उन्हें बताया गया कि उनका नाम विचाराधीन है, फिर 27 मार्च को पता चला कि नाम हट गया है।

Advertisement

शिकायत

सुनवाई के दौरान नहीं मिली कोई सूचना

अख्तर ने बताया, "मुझे सुनवाई के दौरान कोई सूचना नहीं मिली। फिलहाल, मैंने ट्रिब्यूनल में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से अपील की है। ऑनलाइन माध्यम से दस्तावेज़ जमा करने की कोई सुविधा नहीं है। मैंने कोलकाता के जेसॉप बिल्डिंग स्थित चुनाव कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से दस्तावेज जमा किए हैं।" बता दें कि अख्तर का मामला सबसे पहले कोलकाता की स्थानीय मीडिया ने उजागर किया था। अख्तर उत्तरी कोलकाता की एंटाली विधानसभा सीट से मतदाता हैं।

Advertisement

सम्मान

2012 और 2021 में सम्मानित हुए थे अख्तर

अख्तर 1977 में पश्चिम बर्धमान के कुल्टी में पैदा हुए थे। उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई जोधपुर में की है। अख्तर एयरमैन के रूप में भर्ती हुए थे। हालांकि, 2005 में वायुसेना की सामान्य प्रवेश परीक्षा (AFCAT) और सेवा चयन बोर्ड की परीक्षा पास कर ली। अख्तर एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय में भी तैनात थे। उन्होंने जुलाई 2022 में सेवानिवृत्ति ली। उन्हें 2012 में वायुसेना के कमांडिंग-इन-चीफ और 2021 में चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष ने सम्मानित किया था।

जानकारी

27 लाख लोगों को मिल सकती है चुनाव करने की छूट

बंगाल में अक्टूबर 2025 में 7.66 करोड़ मतदाता थे, जो अब 6.75 करोड़ है। 17 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने अपीलीय न्यायाधिकरणों द्वारा मंजूरी प्राप्त व्यक्तियों को आगामी चुनावों में मतदान करने की छूट दी है। ऐसे में 27 लाख नामों पर न्यायाधिकरण विचार करेंगे।

Advertisement