हैदराबाद में GHMC की बड़ी कार्रवाई; 25 टन मिलावटी मसाले जब्त, 3 गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC) के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलकर 13 मसाला फैक्ट्रियों पर छापा मारा। इस कार्रवाई में 25,000 किलो मिलावटी मसाले बरामद हुए। पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि ये लोग मसालों में रंगीन सिंथेटिक डाई, कपड़ों की डाई, टैल्कम पाउडर और राइस-ब्रान ऑयल जैसी चीजें मिलाते थे। उनका मकसद मसालों को देखने में अच्छा दिखाना और उनका वजन बढ़ाकर ज्यादा फायदा कमाना था।
अदरक-लहसुन पेस्ट और मांस में मिली मिलावट
अब यह भी सामने आया है कि सिर्फ मसालों में ही नहीं, अदरक-लहसुन पेस्ट और मांस जैसे दूसरे खाद्य पदार्थों में भी मिलावट हो रही थी। यह कार्रवाई 140 दिन के एक बड़े अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत अब तक लगभग 246 टन (2.46 लाख किलो) संदिग्ध मिलावटी या दूषित खाद्य उत्पादों को लोगों तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वे खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए बहुत गंभीर हैं। उनका कहना है कि ऐसे गलत तरीकों से लोगों की सेहत को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।