हैदराबाद में हिंदू छात्र से इस्लामी प्रार्थना पर बवाल, पुलिस एक्शन में
हैदराबाद के सैदाबाद इलाके में एक स्कूल इन दिनों विवादों में घिर गया है। दूसरी क्लास में पढ़ने वाले एक हिंदू छात्र के माता-पिता का आरोप है कि उनके बच्चे को होमवर्क के तौर पर इस्लामी प्रार्थनाएं याद करने और सुनाने को कहा गया, वो भी उनकी इजाजत के बिना। माता-पिता का कहना है कि यह बात बिल्कुल गलत है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने साफ कहा है कि स्कूलों को सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। उनका मानना है कि किसी भी बच्चे को ऐसी धार्मिक गतिविधियों में शामिल नहीं किया जाना चाहिए, जिससे उसे या उसके परिवार को असहज महसूस हो।
शिकायत के बाद सैदाबाद पुलिस ने शुरू की जांच
माता-पिता की शिकायत मिलने के बाद सैदाबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कानूनी सलाह लेकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी में है।
इस घटना के बाद स्कूलों में धर्म को लेकर किस तरह का व्यवहार होना चाहिए, इस पर बहस छिड गई है। लोग अब यह भी सोचने लगे हैं कि क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई कड़े नियम बनाने की जरूरत है।