कुल्लू में HRTC बस के ब्रेक फेल, ड्राइवर की दिलेरी ने टाल दिया बड़ा हादसा
शुक्रवार सुबह हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की एक बस, जिसमें करीब 70 लोग सवार थे, कुल्लू के पास एक पहाड़ी से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे।
इस हादसे में 46 यात्रियों को चोटें आईं और उन्हें फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गनीमत रही कि किसी यात्री की जान नहीं गई।
प्रवीण कुमार ने बस को पहाड़ की ओर मोड़ा
इस दुर्घटना में घायल हुए ड्राइवर प्रवीण कुमार ने बताया कि वे पहाड़ी से नीचे उतर रहे थे, तभी उन्हें बस के ब्रेक फेल होने का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत बस में सवार सभी यात्रियों को आने वाले खतरे के बारे में चेतावनी दी।
बस के एक तरफ गहरी खाई थी, इसलिए प्रवीण ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ की तरफ मोड़ दिया। इससे बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई।
घटना के वक्त कई महिला यात्री रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने घर जा रही थीं।
फिलहाल, पुलिस ब्रेक फेल होने की वजह की जांच कर रही है और इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।