Page Loader
कैसे पकड़ा गया पुणे बस में महिला से रेप का आरोपी? ऐसा रहा पूरा अभियान
महाराष्ट्र में पुणे की बस में महिला से रेप का आरोपी कैसे पकड़ा गया?

कैसे पकड़ा गया पुणे बस में महिला से रेप का आरोपी? ऐसा रहा पूरा अभियान

लेखन गजेंद्र
Feb 28, 2025
02:00 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के पुणे में स्वारगेट डिपो में बस के अंदर 26 वर्षीय महिला से रेप के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार रात को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे (37) को शिरूर से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह पानी-खाना मांगने के लिए गांव पहुंचा था। ग्रामीण की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वह खेत में छिपा था। आइये जानते हैं 3 दिन से फरार गाडे को पकड़ने के लिए पुलिस ने क्या कोशिश की।

अभियान

500 पुलिसकर्मी खोज में लगाये गए

पुणे के शीर्ष पुलिस अधिकारी अमितेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गाडे की तलाश के लिए 15 टीम बनाई गई, जिसमें 500 पुलिसकर्मी शामिल थे। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए 1 लाख रुपये की घोषणा की गई और ड्रोन के साथ डॉग स्क्वायड की टीम लगाई गई। करीब 400 ग्रामीणों ने भी उसे खोजने में पुलिस की मदद की। उन्होंने बताया कि 75 घंटे अभियान के बाद उसको पकड़ा गया। डॉग स्क्वायड ने कई स्थानों को पहचाना था।

सूचना

सूचना के बाद 1 घंटे में पहुंची पुलिस

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात को आरोपी गाडे खाना और पानी मांगने के लिए गांव में आया था। जिस व्यक्ति से उसने पानी मांगा, उसने आरोपी को पहचान लिया, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सूचना के 1 घंटे के अंदर मौके पर पहुंचकर आरोपी को रात 1:15 बजे धर दबोचा। आरोपी गन्ने के खेत में छिपा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेष वकील नियुक्त कर मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा।

घटना

क्या है बस में रेप का मामला?

पुणे में स्वर्गेट राज्य परिवहन निगम के सबसे बड़े डिपो में से एक है। यहां मंगलवार 25 फरवरी को सुबह 5:45 बजे एक महिला सतारा के लिए बस का इंतजार कर रही थी। तभी आरोपी गाडे उसके पास आया और उसे 'दीदी' कहकर संबोधित किया और बताया कि सतारा की बस दूसरे प्लेटफॉर्म पर आ गई है। इसके बाद वह उसे परिसर में ही खड़ी खाली 'शिव शाही' वातानुकूलित बस में ले गया और रेप किया।

जमानत

जमानत पर बाहर आया था आरोपी

आरोपी गाडे पुणे के गुनात गांव का निवासी है और उसके खिलाफ आस-पास के जिले में चोरी, डकैती और चेन स्नैचिंग के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि वह 2019 में डकैती के एक मामले में जमानत पर रिहा हुआ था। उसे पिछले साल चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए थाने भी बुलाया गया था। घटना के बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस समेत विपक्षी दल सरकार पर हावी है।

ट्विटर पोस्ट

आरोपी को कुछ इस तरह पकड़ा गया