Page Loader
सरकार ने कंगना को दी Y+ श्रेणी की सुरक्षा, अभिनेत्री ने अमित शाह का किया धन्यवाद

सरकार ने कंगना को दी Y+ श्रेणी की सुरक्षा, अभिनेत्री ने अमित शाह का किया धन्यवाद

Sep 07, 2020
01:09 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों अपने बयानों के चलते काफी सुर्खियां बटोर रही हैं। इस कारण कई लोग उनसे खफा हैं। ऐसे में केंद्र सरकार ने कंगना की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उन्हें Y+ श्रेणी की सुरक्षा देने का ऐलान किया है। कंगना ने खुद इस बारे में अपने एक ट्वीट के जरिए जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में इसके लिए गृहमंत्री अमित शाह का शुक्रिया भी अदा किया है।

ट्विटर पोस्ट

कंगना रनौत का ट्वीट

दावा

सुशांत के निधन के बाद कंगना ने किए कई दावे

दरअसल, अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन से कंगना बेहद आहत हुई हैं। इसके बाद से ही उन्होंने बॉलीवुड माफिया, ड्रग्स और नेपोटिज्म जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात दुनिया के सामने रखनी शुरु कर दी है। उनके कई विवादित बयानों के चलते न सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि कई राजनीति पार्टियों ने भी उन पर निशाना साधना शुरु कर दिया है। इसी बीच उनकी और शिवसेना नेता संजय राउत में जुबानी जंग देखने को मिली।

विवाद

संजय राउत ने दी थी मुंबई न आने की सलाह

कुछ समय पहले ही कंगना ने कहा था कि उन्हें बॉलीवुड माफिया से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगने लगा है। ऐसे में संजय राउत ने उन्हें मुंबई न आने की सलाह दी। इसके बाद कंगना ने उन्हें चुनौती देते हुए बताया था कि वह 9 सितंबर को मुंबई आ रही हैं। कंगना ने कुछ घंटों पहले ही अपना एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह संजय राउत के बयान की निंदा करती दिख रही हैं।

ट्विटर पोस्ट

देखिए कंगना का वीडियो

मेंटल वूमेन

शिवसेना ने कंगना को कहा था 'मेंटल वूमेन'

शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में कंगना के 'मेंटल वूमेन' कहा है। इसमें लिखा, 'इस आउटसाइडर जिसने मुंबई आकर सबकुछ हासिल किया और अब वह गलत बातें बोलकर उसी मुंबई का अपमान कर रही है। इसकी आलोचना की जानी चाहिए। 'मेंटल वूमेन' ने मुंबई और मुंबई पुलिस का भी अपमान किया है।' उन्होंने इसमें आगे यह भी लिखा कि कंगना को अपने PoK वाले बयान के लिए भी माफी मांगनी होगी।

अनुरोध

कंगना के पिता ने किया सुरक्षा का अनुरोध

कंगना इस समय अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के मनाली में हैं। हाल ही में उनके पिता ने अपनी बेटी की सुरक्षा का अनुरोध करते हुए हिमाचल प्रदेश की सरकार को पत्र लिखा था। अब मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बताया कि कंगना की बहन ने भी उन्हें इस सिलसिलें में कॉल किया था। इसके बाद पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में निर्देशित किया गया और कंगना को सुरक्षा दी गई।

जानकारी

कंगना की सुरक्षा में रहेंगे 10 पुलिसकर्मी

Y श्रेणी की सुरक्षा के तहत कंगना को 10 पुलिसकर्मियों और एक निजी सुरक्षा अधिकारी की सिक्योरिटी दी गई है। गृहमंत्रालय के सूत्रों के अनुसार NDTV ने एक रिपोर्ट में लिखा कंगना को बॉलीवुड में ड्रग्स के इस्तेमाल वाले बयान के बाद सुरक्षा दी गई।