इमिग्रेशन जांच के बिना भारत से चले गए 3 इतालवी यात्री, गृह मंत्रालय ने बुलाई आपात बैठक
क्या है खबर?
दिल्ली हवाई अड्डे पर बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां इटली के 3 नागरिक जरूरी इमिग्रेशन क्लीयरेंस के बिना ही म्यूनिख के लिए रवाना हो गए। मामला सामने आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आज शाम गृह और नागरिक उड्डयन मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों की आपात बैठक बुलाई है। हिंदुस्तान टाइम्स से एक अधिकारी ने कहा, "गृह मंत्रालय ने घटना पर चर्चा के लिए शाम 7 बजे संबंधित पक्षों की बैठक बुलाई है।"
बैठक
बैठक में कौन-कौन होगा शामिल?
रिपोर्ट के अनुसार, गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक, गृह मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BoI) के कमिश्नर, एयर इंडिया समूह के प्रमुख और दिल्ली एयरपोर्ट के CEO शामिल होंगे।
हालांकि, एयर इंडिया के प्रवक्ता और गृह मंत्रालय ने इस मामले पर अखबार के अनुरोधों पर कोई टिप्पणी नहीं दी।
यात्री
4 सितंबर को अमृतसर से दिल्ली आए थे यात्री
यह घटना 4 सितंबर की सुबह हुई। तीनों यात्री अमृतसर से एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1115 से रात करीब 12:50 बजे दिल्ली पहुंचे थे।
इसके लगभग एक घंटे बाद रात करीब 1:45 बजे वे जर्मनी के म्यूनिख जाने वाली लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-763 में सवार हुए। इस दौरान उनकी कोई इमिग्रेशन जांच नहीं की गई।
इस मामले में एयर इंडिया की पैसेंजर हैंडलिंग प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही सामने आई है।
गड़बड़ी
कहां हुई गड़बड़ी?
मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि चूक अमृतसर हवाई अड्डे पर हुई प्रतीत होती है।
एक अधिकारी ने कहा, "उन्हें अमृतसर हवाई अड्डे पर दिल्ली और लुफ्थांसा द्वारा संचालित म्यूनिख की उड़ान के लिए 2 बोर्डिंग पास जारी किए गए थे। यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन प्रक्रिया पूरी करनी थी, लेकिन उन्हें अंतराष्ट्रीय स्थानांतरण के लिए निर्देशित किया गया, जिसके कारण वे अनिवार्य प्रक्रिया पूरी किए बिना ही अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सवार हो गए।"
नियम
मामले में कई नियमों का हुआ उल्लंघन
विमान से उतरने के बाद घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अलग-अलग किया जाना चाहिए था। इस मामले में ऐसा नहीं हुआ।
केवल अंतरराष्ट्रीय श्रेणी (I) के बोर्डिंग पास वाले यात्रियों को ही 'इंटरनेशनल-टू-इंटरनेशनल ट्रांसफर' तक जाने की अनुमति है। इन तीनों यात्रियों के पास घरेलू यात्रा के लिए घरेलू श्रेणी (D) के बोर्डिंग पास थे।
यात्रियों को अमृतसर में ही दोनों बोर्डिंग पास कैसे जारी किए गए।
इस मामले में एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।