शिमला में 8 करोड़ रुपये के लिए भाई ने रची बहन की हत्या की खूनी साजिश
शिमला में एक पारिवारिक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल चलाने वाले हिमंक मित्तल को अपनी बहन मनीषा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि 13 जून को मनीषा की हत्या स्कूल के बाहर करवाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह उनके दिवंगत पिता की छोड़ी हुई 8 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) थी। हिमंक यह सारा पैसा खुद लेना चाहता था, लेकिन मनीषा इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
8.5 लाख रुपये देकर गोबिंद को दी थी सुपारी
जांच में सामने आया है कि हिमंक ने गोबिंद को 8.5 लाख रुपये दिए थे। गोबिंद ने इस रकम में से 70,000 रुपये में 2 शूटरों को काम पर लगाया। अपराध के तुरंत बाद उन शूटरों को पकड़ लिया गया। गोबिंद 13 जून की हत्या से 2 दिन पहले ही थाईलैंड भाग गया था। वह पिछले हफ्ते भारत लौटा, जिसके बाद मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हिमंक पर पहले भी हमला हुआ था, जिसके चलते वह फिलहाल बिस्तर पर है। पुलिस उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है, ताकि उससे आगे की पूछताछ की जा सके।