
पाकिस्तान के लिए जासूसी के शक में हिमाचल प्रदेश से युवक गिरफ्तार, मोबाइल पर मिले सबूत
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का शक है। उसको बुधवार को पकड़ा गया था।
आरोपी की पहचान कांगड़ा के देहरा में सुखाहर गांव के निवासी अभिषेक भारद्वाज (20) के रूप में हुई है, जो कॉलेज से ड्रॉपआउट है।
बताया जा रहा है कि वह मोबाइल के जरिए दुश्मन देश को कई संवेदनशील जानकारियां भेज रहा था। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार
मोबाइल से दस्तावेज और तस्वीरें बरामद
कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से पुलिस सतर्क है और इसी दौरान उन्हें एक युवक के बारे में गुप्त सूचना मिली थी कि वह देश-विरोधी गतिविधियों में सक्रिय है।
इसके बाद पुलिस ने युवक की निगरानी की और उसकी ऑनलाइन गतिविधियों को भी जांच के घेरे में लिया। सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है।
युवक के मोबाइल में कई खुफिया दस्तावेज औऱ तस्वीरें बरामद हुई हैं।
जांच
आरोपी ने जुर्म कबूला
दैनिक भास्कर के मुताबिक, देहरा के पुलिस उपाधीक्षक राज कुमार ने बताया कि आरोपी युवक ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है।
उसने पुलिस को बताया है कि वह सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा कर रहा था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद उससे आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों से भी मदद मांगी है।
गिरफ्तार
अब तक 12 जासूस हो चुके हैं गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जासूसी विरोधी अभियान तेज कर दिया है, जिसके बाद पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से 12 लोग गिरफ्तार हुए हैं।
अभी तक पता चला कि उत्तर भारत में पाकिस्तान से बड़ा जासूसी नेटवर्क सक्रिय है, जिसमें 2 महिलाएं भी हैं। इसमें हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पंजाब की 31 वर्षीय गुजाला शामिल हैं।
दोनों कथित तौर पर पाकिस्तानी अधिकारी दानिश से जुड़ी थीं।