Page Loader
कोरोना वायरस: भारत में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 75,760 नए मामले, 1,023 की मौत

कोरोना वायरस: भारत में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 75,760 नए मामले, 1,023 की मौत

Aug 27, 2020
09:32 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 75,760 नए मामले सामने आए और 1,023 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। ये अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 33,10,234 हो गई है, वहीं 60,472 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 7,25,991 हो गई है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 56,013 मरीज

अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 56,013 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ देश में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 25,23,771 हो गई है और रिकवरी रेट 76.24 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,24,998 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 3.86 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र सबसे आगे हैं। यहां अब तक 7,18,711 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 23,089 मरीजों की मौत हुई है। दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य तमिलनाडु में अब तक 3,97,261 मामले सामने आए हैं और 6,839 मरीजों की मौत हुई है। 3,541 मौत और 382,469 मामलों के साथ आंध्र प्रदेश और 5,091 मौत और 3,00,406 मामलों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र और कर्नाटक में बीते दिन रिकॉर्ड नए मामले

नए मामलों की बात करें तो सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बीते दिन 14,888 नए मामले सामने आए और 295 मरीजों की मौत हुई। ये राज्य में अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इसी तरह कर्नाटक में भी रिकॉर्ड 8,580 नए मामले सामने आए, जो राज्य में एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। वहीं आंध्र प्रदेश में 10,830 और तमिलनाडु में 5,958 नए मामले सामने आए।

डाटा

दिल्ली में 45 दिन में सबसे अधिक नए मामले

दिल्ली की बात करें तो यहां कुल 1,65,764 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 4,347 की मौत हुई है। बीते दिन यहां 1,693 नए मामले सामने जो पिछले 45 दिन में सबसे अधिक हैं।

दुनिया की स्थिति

ये है दुनिया की स्थिति

जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार, दुनियाभर में अब तक 2.48 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 8.24 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में लगभग 58.21 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.79 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 37.17 लाख संक्रमितों में से 1.17 लाख मरीजों की मौत हुई है। भारत संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे और मौतों के मामले में चौथे स्थान पर है।