खुशियों पर काल: रफ्तार के कहर ने ली 4 बारातियों की जान, 14 घायल
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद-संभल हाईवे पर असदपुर पुलिया के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने शादी के मेहमानों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में 4 लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये सभी लोग शादी में शामिल होने के बाद सुबह करीब छह बजे अपने गांव वापस जा रहे थे।
पीड़ितों की पहचान, ड्राइवर भाग निकला
हादसे में जान गंवाने वाले 4 लोगों की पहचान शांति देवी (55), सुमन सिंह (30), अजीत सिंह (13) और सृष्टि (8) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, टक्कर मारने के बाद डंपर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस अब कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर आकाश सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और बताया कि इस पूरे मामले की जांच जारी है। मृतकों का पोस्टमार्टम भी कराया जा रहा है।