केरलम में बारिश का कहर: अचानक बाढ़, भूस्खलन से जनजीवन ठप; मुख्यमंत्री ने बुलाई आपात बैठक
केरलम में 2 अगस्त से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते पूरे राज्य में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को पूरे राज्य के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
इसके अलावा, दक्षिण और मध्य केरल के लिए भी एक अलग चेतावनी दी गई है, जिसमें रविवार की आधी रात से सोमवार सुबह तक 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान है। त्रिशूर और इडुक्की जैसे 12 इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन सुबह 10 बजे एक आपातकालीन ऑनलाइन बैठक करेंगे, ताकि राहत कार्यों की योजना बनाई जा सके।
मिट्टी खिसकने और बिजली गुल होने की आशंका
भारी बारिश की वजह से एरुमेली और निलक्कल में सबरीमाला जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए यातायात नियंत्रण लागू कर दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ, इडुक्की में मिट्टी खिसकने के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और पेड़ गिरने से बिजली के खंभे उखड़ गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
भूस्खलन के खतरे को देखते हुए नेरियामंगलम-अदिमाली हाईवे पर रात में आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। कोझिकोड में कक्कायम बांध के गेट खोल दिए गए हैं, जिससे नदियों में जलस्तर बढ़ने लगा है।