नासिक में जुलाई बारिश ने बिगाड़ा रसोई का बजट, 230 रुपये प्रति किलो पर पहुंचा धनिया
इन दिनो बाजार में धनिया की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। इसकी वजह जुलाई में हुई भारी बारिश है। दिल्ली में धनिया के दाम 220 से 230 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं, जबकि होलसेल बाजार में इसकी कीमत आमतौर पर 25 रुपये प्रति किलोग्राम रहती थी। इसकी मुख्य वजह नासिक में फसल का खराब होना और आपूर्ति में आई बाधा है, क्योंकि उत्तर भारत में नासिक से ही बडी मात्रा में धनिया की सप्लाई होती है।
नासिक की बाढ से धनिया की सप्लाई हुई बाधित
नासिक और आसपास के इलाकों में बाढ ने भारी तबाही मचाई है, जिससे धनिया की फसल बर्बाद हो गई और आपूर्ति का सिलसिला टूट गया है। आमतौर पर नासिक का धनिया पहले इंदौर होकर दिल्ली पहुंचता है, लेकिन इस बार बारिश ने पूरा रास्ता ही बाधित कर दिया है। कर्नाटक ने कुछ अतिरिक्त सप्लाई भेजने की कोशिश की, लेकिन उनके माल की क्वालिटी नासिक के धनिया जैसी नहीं थी।
कीमतों में उतार-चढाव की संभावना
फिलहाल कीमतों के जल्दी स्थिर होने की उम्मीद कम ही है। फसल को और नुकसान हुआ तो बारिश के मौसम में दाम ऐसे ही ऊपर-नीचे होते रहेंगे। बाढ से पहले ही नासिक में धनिया के दाम 130 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुके थे। इसके अलावा बेंगलुरु और लातूर जैसे इलाकों में बारिश देर से हो रही है, जिससे धनिया खरीदने वालों के लिए हालात और भी मुश्किल हो गए हैं।