दिल्ली में हुई मूसलाधार बारिश, घंटों जाम में फंसे रहे लोग
देश
दिल्ली में बुधवार सुबह से ही जोरदार बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के कारण सड़कें पानी से लबालब भर गईं और शहर के कई इलाकों में भयंकर जाम लग गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही गरज-चमक के साथ बारिश के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखे थे। सफदरजंग और लोधी रोड जैसे इलाकों में तो महज 3 घंटों में ही 15 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
आयानगर में हुई सबसे ज्यादा 49.3 मिलीमीटर बारिश
सीआर पार्क, लोधी रोड और संगम विहार जैसे कई इलाके जलभराव से खासे प्रभावित हुए। ITO-मथुरा रोड और निजामुद्दीन-आश्रम जैसे रास्तों पर तो गाड़ियां रेंगती नजर आईं। वहीं, 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश आयानगर में हुई, जहां 49.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार तक भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसलिए अपना छाता साथ रखना न भूलें!