अरुणाचल में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन से 4 की मौत, 5 सैनिक लापता
अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बीच सुबनसिरी जिले में बड़ा भूस्खलन हो गया। सड़क निर्माण स्थल पर हुए इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तादू बकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमातारी और बाबू अली के नाम शामिल हैं। इसी बीच, दिबांग घाटी के पासू पानी कैंप में अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें सेना के 2 कैंप बह गए। इस हादसे में 5 सैनिक लापता हो गए।
दिबांग घाटी में 5 लापता सैनिकों की तलाश
लापता सैनिकों को ढूंढने के लिए तलाश अभियान लगातार जारी है। स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमें तुरंत पासू पानी आर्मी कैंप पहुंचीं। सेना की टुकड़ियों के साथ-साथ स्थानीय स्वयंसेवक भी लापता जवानों की तलाश में जुटे हैं। लापता जवानों में हवलदार उपेन्द्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और सम्मुंडा शामिल हैं। कैंप क्षेत्र से दो अन्य सैनिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मुश्किल हालात के बावजूद, टीमें सभी लापता जवानों को सकुशल वापस लाने की पूरी कोशिश कर रही हैं।