विशाखापट्टनम में भारी बारिश के चलते 12 किलोमीटर सड़कें तबाह, बाढ़ की भीषण चेतावनी
देश
विशाखापट्टनम शहर इस हफ्ते भारी बारिश और तेज हवाओं की चपेट में है। जगह-जगह पेड़ गिरे पड़े हैं और कई सड़कें भी टूट गई हैं, जिन्हें ठीक करने में प्रशासन जुटा है। राहत टीमों ने अभी तक ज्यादातर मलबा हटा लिया है, फिर भी करीब 12 किलोमीटर सड़कें अब भी खराब पड़ी हैं। 23 सितंबर से शुरू हुई यह बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे यहां के लोगों को रोजमर्रा के काम करने में काफी परेशानी हो रही है।
नागवली और वंशाधारा में बाढ़ की चेतावनी जारी
नागवली और वंशाधारा जैसी नदियां तेजी से उफान पर हैं, जिसके चलते प्रशासन ने कई इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य आपदा मोचन बल की टीमें पहले ही प्रभावित जिलों में भेजी जा चुकी हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से लगातार सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की जा रही है।