देश में 2020 में कैंसर के 13.92 लाख मामले आए, 12.8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान- मांडविया
क्या है खबर?
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को लोकसभा में बताया कि देश में वर्ष 2020 में कैंसर के 13.92 लाख मामले आए हैं। इसमें 12.8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।
उन्होंने राष्ट्रीय कैंसर पंजीयन कार्यक्रम के आंकड़े पेश करते हुए एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।
मांडविया ने बताया कि कैंसर मरीजों का इलाज जिला अस्पताल, केंद्रीय संस्थान, AIIMS, मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल में तमाम स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ हो रहा है।
जानकारी
इस बार कम मरीजों पर खर्च हुआ कैंसर फंड
मंडाविया ने बताया कि कैंसर मरीज फंड से वर्ष 2022-23 में 5 दिसंबर तक 2.17 करोड़ रुपये 40 मरीजों पर खर्च हुए।
2020-21 में यह 64 मरीजों पर 5.85 करोड़, 2019-2020 में 196 मरीजों पर 15.7 करोड़ और इससे पहले 470 मरीजों पर 26.77 करोड़ रुपये खर्च हुए।
उन्होंने बताया कि कैंसर के तीसरे स्टेज के लिए भी सरकार एक योजना ला रही है।
कैंसर मरीज फंड राष्ट्रीय आरोग्य निधि (RAN) के तहत गरीब मरीजों की मदद के लिए है।