HDFC बैंक में घमासान, 2 शीर्ष अधिकारियों पर गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप
क्या है खबर?
बाजार मूल्य के हिसाब से देश का सबसे बड़ा HDFC बैंक फिर विवादों में है। आरोप है कि बैंक के 2 शीर्ष अधिकारियों ने गोपनीय व्यावसायिक रणनीतियों और बाजार के लिए संभावित रूप से संवेदनशील जानकारी को लीक किया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक द्वारा की गई आंतरिक जांच में इसके सबूत मिले हैं। नाम न छापने की शर्त पर सूत्रों ने बताया कि ये अधिकारी बैंक के प्रमुख व्यवसायों और कामों की देखरेख करते हैं।
रिपोर्ट
जांच अभी भी जारी
रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक ने आंतरिक जांच के दौरान इन अधिकारियों की पहचान कर ली है। हालांकि, इन अधिकारियों की पहचान सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आई है।
यह जांच तब शुरू हुई थी, जब बैंक के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी लीक होने की आशंका हुई।
रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी गोपनीय व्यावसायिक रणनीतियों और संभावित रूप से बाजार को प्रभावित करने वाली संवेदनशील बातों से जुड़ी थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच अभी भी जारी है
जांच
प्रबंधन और बोर्ड को दी गई जांच के नतीजों की जानकारी
मामले से जुड़े लोगों के हवाले से ब्लूमबर्ग ने बताया कि आंतरिक जांच के नतीजों की जानकारी प्रबंधन और बोर्ड के सदस्यों को दी गई थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों अधिकारियों को भी नतीजों के बारे में औपचारिक रूप से बता दिया गया है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी या नहीं।
फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है क्या जानकारी का दुरुपयोग किया गया।