Page Loader
हरियाणा: खेल मंत्री संदीप सिंह ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के बाद छोड़ा पद
यौन शोषण के आरोपों में घिरे मंत्री संदीप सिंह ने छोड़ा पद

हरियाणा: खेल मंत्री संदीप सिंह ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के बाद छोड़ा पद

लेखन नवीन
Jan 01, 2023
02:11 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में यौन शोषण के आरोपों में घिरे खेल मंत्री संदीप सिंह ने रविवार को मामला दर्ज होने के बाद अपना पद छोड़ दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और जांच पूरी होने तक अपना पद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को सौंपने की बात कही है। बता दें कि चंडीगढ़ पुलिस ने जूनियर एथलेटिक्स महिला कोच की शिकायत के बाद मंत्री सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया था।

बयान

यौन उत्पीड़न के मामले पर क्या बोले मंत्री सिंह

यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने पर मंत्री सिंह ने कहा, "मेरी छवि खराब करने के लिए माहौल बनाया गया है। खेल विभाग की एक जूनियर कोच ने जो झूठे आरोप लगाए हैं, मैं चाहूंगा कि उसकी अच्छे से जांच हो। जांच रिपोर्ट आने तक मैं अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंपता हूं।" उन्होंने कहा, "जांच रिपोर्ट आने के बाद मुख्यमंत्री मेरे मंत्री पद पर फैसला लेंगे।" उनकी घोषणा के बाद मुख्यमंत्री खट्टर ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुला ली।

ट्विटर पोस्ट

मंत्री संदीप बोले- मेरी छवि धूमिल करने का प्रयास

पृष्ठभूमि

क्या है पूरा मामला?

चंडीगढ़ पुलिस ने एक जूनियर महिला एथलेटिक्स कोच की शिकायत पर मंत्री सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया है। महिला कोच ने आरोप लगाया है कि मंत्री ने उसके मैसेज को इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर वायरल करने की भी धमकी दी है। 1 जुलाई, 2022 को मंत्री ने कथित तौर पर स्नैपचैट पर कॉल किया था और महिला कोच को कुछ दस्तावेजों का सत्यापन कराने के लिए अपने घर आने को कहा था।।

आरोप

महिला कोच ने लगाया घर बुलाकर यौन शोषण करने का आरोप

महिला कोच ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि शाम को जब वह मंत्री के घर गई तो उन्होंने यौन शोषण किया। इस दौरान उनकी टी शर्ट फट गई और वह किसी तरह से उन्हें धक्का देकर कमरे से बाहर भागने में सफल रही क्योंकि दरवाजा खुला था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदीप सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 354, 354A, 354B, 342, 506 के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी

मंत्री सिंह को हरियाणा पुलिस में मिली हुई है DSP की रैंक

मंत्री सिंह का जन्म 1986 में हुआ था। वह एक पेशेवर हॉकी खिलाड़ी रहे हैं और हरियाणा की ओर से खेलते थे। वह टीम इंडिया के कप्तान भी रह चुके हैं। उन्हें पेनाल्टी स्पेशलिस्ट के तौर पर जाना जाता है। हरियाणा पुलिस में उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (DSP) की रैंक हासिल है। उन्होंने 2019 के चुनाव में पेहोवा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें प्रदेश सरकार में खेल मंत्री बनाया गया था।