Loading...
जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में चिनाब नदी में गिरी हरियाणा की कार, 5 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में चेनाब नदी में हरियाणा की कार गिर गई

जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में चिनाब नदी में गिरी हरियाणा की कार, 5 लोगों की मौत

लेखन गजेंद्र
Aug 15, 2026
03:45 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के दच्छन इलाके में हरियाणा की एक महिंद्रा स्कॉर्पियो कार सड़क से फिसलकर 200 फीट नीचे चिनाब नदी में गिर गई। घटना के समय वाहन पर कितने लोग सवार थे, अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है, लेकिन अभी तक 5 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। मौके पर पुलिस, स्थानीय लोग और बचाव दल की टीम मौजूद है। कार में सवार लोग श्रमिक बताए जा रहे हैं।

जांच

कैसे हुआ हादसा?

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ है। घटना के समय हरियाणा के पंजीकरण वाला वाहन HR29AG-0648 डांगदारू से साउंडर की ओर जा रहा था।

तभी येनवान के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से फिसलकर ऊंचाई से लुढ़कता हुआ, चेनाब नदी में गिर गया।

आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर बचाव अभियान चलाया गया। अभी नदी का बहाव भी काफी तेज है।

हादसा

गाड़ी का नहीं चल रहा पता

किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि कार में सवार लोग डांगदारू में एक प्रोजेक्ट पर काम करने वाले लोग थे, कार लगभग 200-300 फ़ीट नीचे गिरी है।

उन्होंने बताया कि कार का अभी तक पता नहीं चल सका है। हालांकि, 5 शव बरामद कर लिए गए हैं, जिनको पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

कार में सवार लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। नदी में कार की तलाश जारी है।

ADVERTISEMENT

शोक

उपराज्यपाल ने हादसे पर शोक जताया, केंद्रीय मंत्री ने जानकारी ली

हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शोक जताते हुए एक्स पर लिखा, 'किश्तवाड़ के दच्छन में एक दुखद सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैंने ज़िला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित लोगों को तुरंत मदद पहुंचाई जाए।'

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी किश्तवाड़ के उपायुक्त से बात करके घटना की जानकारी ली है।

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

हादसे के बाद मौके का वीडियो

ADVERTISEMENT