
हरियाणा के नूंह में ब्रज मंडल यात्रा से पहले स्कूल और इंटरनेट क्यों हैं बंद?
क्या है खबर?
हरियाणा के नूंह में सोमवार 14 जुलाई को ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा निकलने वाली है। इसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एक तरफ, जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को बंद कर दिया है, वहीं 13 जुलाई की रात 9 बजे से 14 जुलाई की रात 9 बजे तक 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। आखिर, इस यात्रा को लेकर इतनी पाबंदी और सुरक्षा क्यों हैं? आइए जानते हैं।
पाबंदी
पहले जानिए, सुरक्षा के क्या हैं इंतजाम
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि 14 जुलाई को नल्हड़ महादेव मंदिर से फिरोजपुर झिरका स्थित झिरकेश्वर महादेव मंदिर और सिंगार गांव स्थित मंदिर तक जलाभिषेक यात्रा में हथियार और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने और डीजे पर पाबंदी है। मार्ग पर मीट की दुकान और स्कूल बंद रहेंगे। पेट्रोल पंप पर खुला पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। ड्रोन और आतिशबाजी पर भी रोक है। पुलिस की 18 कंपनियों के तहत 2000 पुलिस बल यात्रा मार्ग तैनात रहेंगे।
सुरक्षा
आखिर क्यों है ब्रज मंडल यात्रा को लेकर इतनी सख्ती?
दरअसल, जुलाई 2023 में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली थी, जिस पर कथित तौर पर पथराव हुआ और दो समुदाय के बीच हिंसा भड़क गई। इसे 'नूंह हिंसा' भी कहते हैं। हिंसा में 5 लोगों की मौत हुई, जिनमें 2 होमगार्ड और एक मस्जिद के नायब इमाम शामिल थे। हिंसा में 200 लोग घायल हुए और मस्जिद समेत कई संपत्तियों को आग लगाई गई। हिंसा गुरूग्राम तक फैली। घटना में 300 लोग गिरफ्तार हुए थे।
नजर
माहौल खराब करने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी यात्रा के दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी और माहौल खराब करने वालों पर कड़ी नजर रहेगी। सीमाओं पर नाकाबंदी की गई है, ताकि कोई बाहरी असामाजिक तत्व शहर में न घुस पाए। कई जगह से यात्रा का स्वागत करने के आवेदन मिले हैं, जिनको सोच-समझकर मंजूरी दी गई है। यात्रा मार्ग पर दुकान चलाने वालों से भी पूरा ब्योरा लिया गया है।
ट्विटर पोस्ट
नूंह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
#WATCH नूंह, हरियाणा: नूंह में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। pic.twitter.com/0J2WSJRHxZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 14, 2025