हरियाणा के सफाई कर्मचारियों को तोहफा: 60 साल तक नौकरी पक्की, वेतन में बंपर इजाफा
हरियाणा में नगरपालिकाओं में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अब राज्य के 13,093 सफाई कर्मचारियों को 60 साल की उम्र तक नौकरी की सुरक्षा मिलेगी। यह फैसला हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के तहत लिया गया है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब सफाई कर्मचारी अपनी कई मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। उनकी मांगों में नौकरी पक्की करना भी शामिल था। इस हड़ताल के चलते कई शहरों में कूड़े के ढेर लग गए थे। सरकार का यह फैसला कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने और उनके जीवन में स्थिरता लाने के उद्देश्य से लिया गया है।
10 साल से ज्यादा अनुभव वाले कर्मचारियों को मिलेंगे ₹25,560
नौकरी की सुरक्षा के अलावा, इन कर्मचारियों को और भी कई फायदे मिलेंगे। हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के तहत उन्हें सालाना महंगाई भत्ता, रिटायरमेंट के लाभ, मैटरनिटी लीव और एक्स-ग्रेशिया सहायता भी दी जाएगी।
इसके साथ ही, उन्हें हर महीने 2,000 रुपये का रिस्क अलाउंस और वेतन पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त भुगतान भी दिया जाएगा। वहीं, जिन कर्मचारियों ने नगर पालिकाओं में 10 साल से ज्यादा काम किया है, उनका मासिक वेतन 20,590 से बढ़कर सीधे 25,560 रुपये हो जाएगा।