
हरियाणा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पिकअप की टक्कर से 7 सफाइकर्मियों की मौत
क्या है खबर?
हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है।
फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इब्राहिमबास गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों को टक्कर मार दी। इसमें 6 महिलाओं सहित 7 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शवों को मोर्चरी में रखवाकर उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
फिरोजपुर झिरका पुलिस ने बताया कि करीब 11 सफाई कर्मचारी एक्सप्रेसवे पर सफाई का कार्य कर रहे थे। सुबह 10 बजे अचानक आई तेज रफ्तार पिकअप ने इन कर्मचारियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 6 महिला कर्मचारियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि घायल 5 पुरुष कर्मचारियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक अन्य कर्मचारी की मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत भी नाजुक बनी हुई है।
कारण
क्या रहा हादसे का कारण?
पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के कारण की भी जांच की जा रही है। इसके लिए एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की मदद ली जा रही है। प्रथम दृष्टया हादसा पिकअप चालक के नियंत्रण खो देने से होना नजर आ रहा है।
पुलिस ने बताया कि पिकअप चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।