हिसार: डेयरी संचालक की हत्या के विरोध में मुख्यमंत्री का घेराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
क्या है खबर?
हरियाणा के हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के बाद लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए हांसी पहुंचे तो उनका विरोध करने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंच गए। खापों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के विरोध का ऐलान किया था, जिसके बाद लोग ट्रैक्टर में भरकर पहुंचे थे। यहां तनाव बढ़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
विरोध
प्रदर्शनकारियों पर पथराव का आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुंडू के परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रदर्शनकारी राजकीय महाविद्यालय के गेट के पास इकट्ठा हुए थे। वे मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं।
प्रदर्शनकारी बरवाला रोड से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने जा रहे थे, तभी पुलिस के रोकने पर तनाव बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने प्रदर्शकारियों को रोकने के लिए लाठियां चलाई, जिसके बाद प्रदर्शकारियों की ओर से पत्थरबाजी की गई।
घायल
कई किसान और पुलिस अधिकारी घायल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लाठीचार्ज के बाद स्थिति बिगड़ गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस बीच, चले पत्थरों ने कई प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस अधिकारियों को घायल कर दिया।
इससे एक दिन पहले प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा को जाम कर किया था और 9 अगस्त को हिसार लघु सचिवालय पर भी प्रदर्शन कर चुके हैं।
तनाव की स्थिति को देखते हुए हांसी में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है और दूसरे जिलों से भी पुलिस की कंपनियां बुलाई गई हैं।
घटना
क्या है जीवन कुंडू की हत्या का मामला?
सूर्यनगर में डेयरी चलाने वाले जीवन कुंडू 4 अगस्त की सुबह बाइक के पीछे ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहे थे, तभी रास्ते में पड़ोस के 10-12 युवकों ने उनको लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा।
कुंडू की मौत हो गई। उनका पड़ोसी रमेश शर्मा से विवाद था, जो रेलवे लाइन पर गोबर डालने का विरोध करता था।
परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है। पुलिस ने 9 गिरफ्तारियां की हैं। कई खाप पंचायतें जीवन के समर्थन में है।
ट्विटर पोस्ट
किसान रोड जाम करके बैठ गए
जींद : जीवन कुंडु हत्याकांड : आज हांसी में मुख्यमंत्री नायब सैनी का विरोध करने जा रहे किसानों को पुलिस ने गुलकनी गांव के पास रोका, किसानों ने हांसी जींद रोड़ को किया जाम। pic.twitter.com/IcFPPZZxFW
— Amandeep Pillania (@APillania) August 15, 2026