गुरूग्राम: दंपति पर बच्ची को गर्म चिमटे से पीटने और भूखा रखने का आरोप, गिरफ्तार
हरियाणा के गुरूग्राम में एक दंपति के घर से 14 साल की बच्ची को छुड़ाया गया है। दंपति पर बच्ची को प्रताड़ित करने और उसे भूखा रखने का आरोप है। आरोपी दंपति मनीष खट्टर और कमलजीत कौर को बच्ची को प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर बच्ची के यौन शोषण का भी आरोप है। इसके लिए बच्ची का पुलिस की देखरेख में मेडिकल कराया जा रहा है। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपनी बच्ची की देखभाल के लिए लाईं थी झारखंड से
पुलिस ने बताया कि दंपति अपनी तीन साल की बच्ची की देखभाल करने के लिए एक घरेलू सहायिका ढूंढ रही थी और उन्होंने इसके लिए एक प्लेसमेंट एजेंसी से संपर्क किया था। एजेंसी ने दंपति के यहां 14 वर्षीय लड़की को नौकरी पर रखवाया था। उसे झारखंड से लाया गया था। बच्ची के परिवार का पता लगाया जा रहा है। बच्ची को दंपति न तो महीने का वेतन देती थी और न ही ढंग से रखती थी।
कूड़ेदान से निकालकर खाना खाती थी लड़की
अधिकारियों ने बताया कि लड़की को ठीक से काम नहीं करने पर गर्म चिपटे और छड़ी से पीटा गया। खाना चुराने का आरोप लगाकर उसको कई दिन तक भूखा रखा जाता था, जिसकी वजह से लड़की कूड़ेदान से बचा खाना निकालकर खाती थी। बच्ची को न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक प्रताड़ना भी दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले में प्लेसमेंट एजेंसी का भी पता लगाया जा रहा है। उसके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
NGO की मदद से हुआ खुलासा, शरीर पर हैं काफी जख्म
मामले का खुलासा गुरूग्राम की NGO की मदद से किया गया है। NGO ने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, उसके बाद मौके पर छापामारी कर बच्ची को छुड़ाया गया। सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका नारायण भारद्वाज ने मामले से जुड़ा ट्वीट भी किया है। उन्होंने दंपति की तस्वीरें शेयर की हैं। साथ ही बच्ची के जले हाथों को और उसके शरीर के जख्मों को भी दिखाया है। पुलिस ने बताया कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने POCSO के तहत दर्ज किया मामला, महिला नौकरी से बर्खास्त
पुलिस का कहना है कि दंपति को मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दोनों के खिलाफ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी महिला एक बड़ी निजी फर्म में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने और मामला सामने आने के बाद महिला को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।