Page Loader
हरियाणा सरकार की पराली जलाने पर कार्रवाई, 38 किसान MSP पर नहीं बेच पाएंगे फसल
हरियाणा सरकार ने पराली जलाने वाले 38 किसानों पर की कार्रवाई

हरियाणा सरकार की पराली जलाने पर कार्रवाई, 38 किसान MSP पर नहीं बेच पाएंगे फसल

Oct 20, 2024
12:02 pm

क्या है खबर?

हरियाणा सरकार ने पराली जलाने को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। राज्य के कृषि और कल्याण विभाग ने प्रतिबंध के बाद भी पराली जलाने वाले राज्य के 38 किसानों पर अगले 2 खरीद सत्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल बेचने पर रोक लगा दी है। इन किसानों के 'मेरी फसल, मेरा ब्योरा' रिकॉर्ड में भी रेड एंट्री दर्ज की है। अब ये किसान MSP पर खरीद सुनिश्चित करने वाले ई-खरीद पोर्टल के जरिए अपनी फसल नहीं बेच पाएंगे।

विरोध

पूर्व मुख्यमंत्री हुड्‌डा ने की कार्रवाई वापस लेने की मांग

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई को वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को पराली की MSP घोषित कर किसानों से उसकी खरीद करनी चाहिए। पराली जलाने को लेकर सरकार की किसानों पर की गई यह कार्रवाई पूरी तरह से निंदनीय है। सरकार को किसानों के खिलाफ FIR दर्ज कराने, MSP पर रोक लगाने और उन्हें रेड लिस्ट में डालने की जगह इसका समाधान खोजना चाहिए।

आदेश

विभाग ने जारी किए थे कार्रवाई के आदेश

बता दें कि कृषि और कल्याण विभाग ने गत दिनों राज्य में पराली जलाने पर रोक के संबंध में एक आदेश जारी किया था। उसमें पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के साथ उन 2 खरीद सत्र में MSP पर फसल बेचने पर रोक लगाने और उनका नाम रेड लिस्ट में डालने जैसे कदम उठाने की बात कही थी। बता दें कि सरकार ने इस आदेश के बाद 9 किसानों पर FIR भी दर्ज कराई थी।