श्रीधर वेम्बु ने प्रवासी भारतीयों से देश लौटने को कहा, हार्वर्ड की सिमरन ने बताई तकलीफें
हार्वर्ड से पढ़ी सिमरन, जो AI और हेल्थकेयर सेक्टर में काम करती हैं, उन्होंने यह सवाल उठाया है कि विदेश में रह रहे भारतीयों के लिए देश वापस आकर अपना योगदान देना कितना आसान है।
दरअसल, जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बु ने अमेरिका में रह रहे भारतीयों से देश लौटने का आग्रह किया था। इसी के जवाब में सिमरन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी बात रखी।
उन्होंने बताया कि भारत में वापसी के बाद कई असली चुनौतियां सामने आती हैं। जैसे, नियम काफी उलझे हुए हैं और शिक्षा में AI को अपनाने में भी हिचकिचाहट दिखती है। इन्हीं वजहों से विदेश से लौटने की प्रक्रिया मुश्किल हो जाती है।
सिमरन की मांग- साफ नियम और मदद जरूरी
सिमरन का कहना था कि हर इंसान को खुद ही सब कुछ समझने और रास्ता निकालने के लिए नहीं छोड़ देना चाहिए। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि विदेश से लौटने वाले लोग देश में आकर अच्छे से काम कर सकें, ऐसा माहौल बनाना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है।
उन्होंने साफ-सुथरे नियम और सही सहयोग देने पर जोर दिया, ताकि हुनरमंद लोग सचमुच देश की तरक्की में अपना योगदान दे पाएं।