तमिलनाडु: तहसीलदार ने दिया CPI-CPI(M) सदस्यों की जासूसी करने का आदेश, किया गया निलंबित
तमिलनाडु के डिंडिगुल जिले के गुजिलियामपराई के तहसीलदार एम अय्यसामी को निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने स्थानीय कर्मचारियों को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPI-M) के सदस्यों और नेताओं से जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने का निर्देश दिया था।
इतना ही नहीं, इस निर्देश में अधिकारियों से शाम तक यह जानकारी जमा करने को कहा गया था और चेतावनी भी दी गई थी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो ग्राम सहायकों पर कार्रवाई की जाएगी।
अय्यसामी को आधिकारिक जांच का सामना करना पड़ रहा
अपने इस कदम के बारे में बताने के लिए अब अय्यसामी को चेन्नई में एक आधिकारिक जांच का सामना करना पड़ रहा है। CPI(M) के राज्य सचिव पी शनमुगम ने इस पूरे मामले पर हैरानी जताई है और कहा है कि वे और जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी ओर, सांसद सचितानंदम ने इस आदेश की तुलना पुराने जमाने के दमनकारी तौर-तरीकों से की है।