गुरूग्राम में निर्माणाधीन सोसाइटी की दीवार गिरी, 7 मजदूरों की दबकर मौत
क्या है खबर?
दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरूग्राम में सोमवार रात को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन सोसाइटी की दीवार गिरने से 7 मजदूरों की दबकर मौत हो गई। हादसा सिधरावली इलाके में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी में हुआ है। घटना के समय मौके पर 12 से 15 मजदूर काम कर रहे थे। अभी 3 घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
हादसा
मिट्टी में दबे थे 10 मजदूर
बताया जा रहा है कि ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का रात में भी काम चल रहा था, तभी बेसमेंट में भरभराकर मिट्टी की दीवार गिर गई। हादसा हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र में हुआ है। ऐसे में शवों और घायलों को भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के परिजनों का कहना है कि उनको घटनास्थल में जाने से रोका गया। परिजनों को पुलिस और प्रशासन की ओर से भी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
घटना
कई घंटे तक चला बचाव अभियान
पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा गया और बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को निकाला गया। मृतकों में सतीश, भागीरथ, मिलन, शिव शंकर, मंगल और परमेश्वर बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 30 से 52 साल के बीच है। घायल मजदूरों में छोटेलाल, दीनदयाल, शिवकांत और इंद्रजीत हैं, जो राजस्थान के रहने वाले हैं। मामले की जांच की जा रही है।