गुरुग्राम पुलिस ने घाटा गांव में एक निजी स्कूल चलाने वाली 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन पर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों का ईसाई धर्म में धर्मांतरण कराने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, ये महिलाएं बच्चों को खाने-पीने का सामान और दूसरी चीजें देकर लालच देती थीं। पुलिस ने बताया कि एक शिकायत मिलने के बाद स्कूल में छापा मारा गया और फिर इन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
हरियाणा धर्मांतरण कानून के तहत FIR दर्ज
पुलिस ने बताया कि ये महिलाएं पिछले एक साल से हर शनिवार दिल्ली से आती थीं। वे स्कूल चलाती थीं और आरोप है कि खाने-पीने की चीजों का लालच देकर बच्चों को प्रभावित करती थीं। छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने एक CCTV कैमरा और कुछ मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। ये महिलाएं अलग-अलग जगहों से आती हैं। इनमें से कुछ प्राइवेट फर्मों में काम करती हैं, जबकि कुछ कैंसर मरीजों की सेवा में लगी हैं। इन महिलाओं के खिलाफ हरियाणा के गैरकानूनी धर्मांतरण कानून के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस इस मामले की अभी जांच कर रही है।