गुजरात पुलिस ने 'ऑपरेशन देव' से 4 साल के अगवा बच्चे को बचाया, मानव तस्करी गिरोह का किया पर्दाफाश
गुजरात पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए बनासकांठा के पास से अगवा हुए एक चार साल के बच्चे को किडनैपरों के चंगुल से बचाया है। इस पूरे अभियान का नाम 'ऑपरेशन देव' रखा गया था। इसमें 7 पुलिस टीमें जुटी थीं, जिन्होंने CCTV फुटेज और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर बच्चे को ढुंढ निकाला और उसे सुरक्षित बचा लिया।
शैलश गामड़ और बाबू भगोरा गिरफ्तार
इस अपहरण के मामले में शैलश गामड़ और बाबू भगोरा नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शैलश गामड़ ने पहले एक नाबालिग लड़की को करीब एक लाख रुपये में बेचा था। वहीं, बाबू भगोरा पैसों के लिए अवैध शादियां करवाने के धंधे में लिप्त है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जाँच कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े और लोगों तक पहुंचा जा सके। इसके साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ये दोनों किसी और मानव तस्करी के मामलों में भी पहले से शामिल रहे हैं।