गुजरात के वलसाड में ब्रेक फेल होने के बाद पिकअप वाहन पलटा, 6 की मौत
क्या है खबर?
गुजरात के वलसाड जिले में बुधवार को यात्रियों से भरा एक पिकअप वाहन पलट गया, जिससे उसमें बैठे 6 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा कपराडा तालुका के वीरक्षेत्र गांव में हुआ है। घटना के समय पिकअप पर 28 यात्री सवार थे। कम से कम 20 लोगों को गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
संदेश के मुताबिक, पिकअप वाहन में सवार लोग वीरक्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। लौटते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। इस बीच, चालक ने वाहन के स्टीयरिंग पर अपना नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क पर जोरदार आवाज के साथ पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों की पहचान नहीं हुई है। सभी एक गांव के बताए जा रहे हैं।
जांच
ब्रेक फेल होने के कारण पहाड़ी पर अनियंत्रित
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि घटना के समय पिकअप वाहन पहाड़ी पर चढ़ रहा था, लेकिन ज्यादा भार होने की वजह से चढ़ाई नहीं कर पाया और पीछे की ओर लौटने लगा। इसी बीच, चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, जो फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना की सूचना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सभी मृतक एक ही गांव के होने के कारण मातम पसरा है।