LOADING...
केदारनाथ में गुजराती श्रद्धालु की मौत, जिलाधिकारी हेलीकॉप्टर लेकर उड़े लेकिन शव को अनुमति नहीं मिली
गुजरात के श्रद्धालु दिलीप भाई माली के बेटे हेमंत माली ने पीड़ा बताई

केदारनाथ में गुजराती श्रद्धालु की मौत, जिलाधिकारी हेलीकॉप्टर लेकर उड़े लेकिन शव को अनुमति नहीं मिली

लेखन गजेंद्र
Apr 22, 2026
07:03 pm

क्या है खबर?

उत्तराखंड में केदारनाथ धाम की यात्रा बुधवार से शुरू हो गई है। इस बीच, पहले ही दिन एक गुजरात के श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हो गई। श्रद्धालु के साथ आए परिजन शव को पहाड़ से नीचे ले जाने के लिए परेशान रहे, लेकिन उनको प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली। उत्तराखंड के पत्रकार अजित सिंह राठी ने एक्स पर लिखा कि जिलाधिकारी खुद हेलीकॉप्टर लेकर उड़ गए, लेकिन शव के लिए हेलीपैड की अनुमति नहीं मिली।

बदइंतजामी

क्या है मामला?

केदारनाथ में बड़ौदा से हेमंत माली अपने माता-पिता के साथ दर्शन करने आए थे। पहले ही दिन उनके पिता दिलीप भाई माली को स्वास्थ्य समस्या हुई और बेहोश हो गए। हेमंत ने बताया कि उन्होंने आपातकालीन 100 नंबर पर फोन मिलाया, जो 5-10 मिनट में आने की बात करते रहे। उनके न आने पर मजबूरन हेमंत को पीट्ठू बुलाकर पिता को अस्पताल ले जाना पड़ा। अस्पताल में मेडिकल टीम ने दिलीप माली को मृत घोषित कर दिया गया।

परेशानी

शव को ऊपर भेजा गया, लेकिन नीचे लाने की कोई सुविधा नहीं

हेमंत ने बताया कि पिता के शव को अस्पताल में मौजूद टीम ने ऊपर भेज दिया और कहा कि हेलीपैड के जरिए नीचे पहुंचाया जाएगा। हेमंत ने बताया कि ऊपर 2 घंटे से ज्यादा समय तक उनके पिता का शव धूप में ही पड़ा रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी बात की और सवाल उठाया कि उनको हेलीकॉप्टर मिल सकता है तो शव को क्यों नहीं। हेमंत ने रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से भी बात की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।

Advertisement

आरोप

खुद हेलीकॉप्टर से उड़े और शव के लिए DGCA से बात करने को कहा

हेमंत ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी ने उनसे कहा कि वह आधे घंटे में इंतजाम कर रहे हैं और बाद में कहा कि एक टीम उठाकर नीचे ले जाएगी। हेमंत ने कहा कि उनको शव गुजरात ले जाना है, ऐसे में 5-6 घंटे नीचे उतरने में लगेंगे तो शव की हालत क्या होगी। हेमंत ने बताया कि जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की अनुमति नहीं है, खुद से बात कर लो और अपना हेलीकॉप्टर से चले गए।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

श्रद्धालु ने पत्रकार को बताई अपनी पीड़ा

Advertisement