सेमीकंडक्टर मशीन बनाने वाली कंपनी ASML करेगी 1,700 कर्मचारियों की छंटनी
क्या है खबर?
सेमीकंडक्टर मशीन बनाने वाली दुनिया की जानी-मानी कंपनी ASML बड़ी संख्या में अपने कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी करीब 4 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है, जिससे करीब 1,700 कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ेगी। यह फैसला ऐसे समय आया है जब कंपनी ने 32.7 अरब यूरो (लगभग 3,600 अरब रुपये) का रिकॉर्ड सालाना राजस्व दर्ज किया है और अपने ढांचे में बदलाव की तैयारी कर रही है।
पद
किन पदों पर पड़ेगा असर?
इस छंटनी का असर इंजीनियरों पर नहीं बल्कि मैनेजमेंट और कोऑर्डिनेशन से जुड़े पदों पर पड़ेगा। जिन पदों में कटौती होगी, उनमें डिपार्टमेंट मैनेजर, टीम लीडर, प्रोजेक्ट लीड, प्रोडक्ट ओनर और प्रोग्राम मैनेजर जैसे रोल शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि ज्यादा लेयर्स होने से काम की गति धीमी हो गई थी और इंजीनियरों का समय प्रक्रियाओं में ज्यादा खर्च हो रहा था, जिससे काम प्रभावित हो रहा था।
बदलाव
कंपनी की नई योजना और बदलाव
ASML अब अपने संगठन को आसान बनाने के लिए बड़े स्तर पर बदलाव कर रही है। कंपनी मैनेजमेंट के कई पद हटाकर करीब 1,400 नए इंजीनियरिंग रोल बनाने की योजना बना रही है। इस कदम से काम तेज और बेहतर होने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा असर नीदरलैंड्स में करीब 1,400 नौकरियों पर पड़ेगा, जबकि अमेरिका में लगभग 185 पदों में कटौती की जाएगी, जो पहले प्रस्तावित संख्या से कम है।
नाराजगी
प्रोटेस्ट और कर्मचारियों की नाराजगी
इस फैसले को लेकर कर्मचारियों और यूनियन में नाराजगी भी देखी जा रही है। मार्च में कंपनी के वेल्डहोवन मुख्यालय में 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन का कहना है कि 9.6 अरब यूरो (लगभग 1,100 अरब रुपये) के मुनाफे और 12 अरब यूरो (लगभग 1,300 अरब रुपये) के बायबैक के बावजूद छंटनी जरूरी नहीं थी। कंपनी ने कहा है कि अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है और यूनियन के साथ बातचीत जारी है।