दुबई से चलता था 250 करोड़ का महाठगी रैकेट, गुजरात पुलिस ने किया भंडाफोड़
गुजरात पुलिस की अपराध शाखा ने 250 करोड़ रुपये के एक बड़े साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह नकली इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म, डिपॉजिट स्कीम और UPI फ्रॉड के जरिए लोगों को ठग रहा था। ठगी का पैसा ये लोग नकली और किराए के बैंक अकाउंट्स में डालते थे, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। इस ऑपरेशन को 'म्यूल हंट 2.0' नाम दिया गया था। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के तार दुबई में बैठे कुछ लोगों से भी जुड़े हुए हैं।
5 शहरों में पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने 5 शहरों से 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में वडोदरा का एक MBA छात्र भी शामिल है, जिस पर 7.4 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन के लिए 10 से ज्यादा बैंक खाते खोलने का आरोप है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक ही आरोपी के बैंक खाते से 161 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का लेन-देन हुआ था। यह गिरोह अभी तक 21 राज्यों में 146 मामलों से जुड़ा है। अब पुलिस इस पैसों के अंतरराष्ट्रीय रास्तों का पता लगा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क के सभी सदस्यों को पकड़ा जा सके।