अहमदाबाद-वडोदरा के 32 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा- गुजरात बनेगा खालिस्तान
क्या है खबर?
गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा शहर में सोमवार को करीब 32 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वडोदरा के 17 और अहमदाबाद के 15 स्कूलों को धमकी मिली है। साथ ही, अहमदाबाद के निरमा विश्वविद्यालय को भी ईमेल भेजा गया है। सूचना पर पुलिस टीम बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची है। कई स्कूलों में परीक्षा निरस्त की गई है।
धमकी
सभी बच्चों को घर भेजा गया
वडोदरा के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उर्मी, डीआर अमीन, नालंदा, जीवन साधना, शानन स्कूल और नवयुग स्कूल को खाली करा दिया गया है। उर्मी स्कूल के छात्रावास से भी बच्चों को जांच के चलते बाहर किया गया है। अहमदाबाद के ट्यूलिप स्कूल, SGVP गुरुकुल, सिल्वर बेल स्कूल, निरमा विश्वविद्यालय, एजी हाई स्कूल, जेजी इंटरनेशनल स्कूल, विद्यानगर स्कूल, दीवान बल्लूभाई स्कूल, सीएन स्कूल, खालसा लिटिल समेत अन्य स्कूलों में पुलिस की टीम पहुंच गई है। सभी स्कूल परिसर खाली हैं।
जांच
धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा है?
गुजरात समाचार की ओर से साझा किए गए धमकी भरे ईमेल में वही भाषा लिखी है जो पिछले दिनों दिल्ली और अन्य स्कूलों में भेजे गए ईमेल में लिखी थी। इसमें लिखा है, "गुजरात बनेगा खालिस्तान। कार बम धमाका, अहमदाबाद-बड़ौदा के स्कूल बसों में। खालिस्तान सिखों के दुश्मन गुजराती मोदी-शाह निशाने पर हैं। कार बम धमाके के हथियार खालिस्तान के। पंजाब की आजादी तक, हिंदुस्तान के टुकड़े-टुकड़े।" बता दें, अहमदाबाद के कई स्कूलों को पिछले दिनों भी धमकी मिली थी।
जानकारी
गुजरात के उपमुख्यमंत्री ने जांच की बात कही
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने लगातार धमकियों को लेकर कहा कि पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। राज्य में धमकी को लेकर एक गहन और विस्तृत जांच चल रही है। सतर्क रहने को कहा गया है।
ट्विटर पोस्ट
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी का बयान
गांधीनगर, गुजरात: उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों पर कहा, "राज्य में बम से उड़ाने की धमकियों के संबंध में डीजीपी को निर्देश दे दिए गए हैं। अहमदाबाद और वडोदरा में मिली बम से उड़ाने की धमकियों की जांच चल रही है। दोनों शहरों के पुलिस आयुक्त इस मामले को… pic.twitter.com/eoxUwWj93t
— IANS Hindi (@IANSKhabar) February 16, 2026