गुजरात के वडोदरा में संदिग्ध जैश आतंकवादी गिरफ्तार, AK-47 बरामद
क्या है खबर?
गुजरात की आंतकवाद निरोधी बल (ATS) ने गुरुवार को एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान के आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने का शक है। उसे वडोदरा में जारोड बस स्टैंड के पास से एक चलती कार से रोककर गिरफ्तार किया गया है। वह असम से आया बताया जा रहा है। ATS कर्मियों ने संदिग्ध आतंकवादी के पास से एक AK-47 असॉल्ट राइफल और 23 गोलियां भी जब्त कीं हैं। उससे पूछताछ चल रही है।
जांच
3 जुलाई को पकड़े गए थे 8 संदिग्ध
ATS अधिकारियों ने असॉल्ट राइफल के स्त्रोत का पता लगाने और गुजरात के अंदर इसे पाने वालों की पहचान करने के लिए कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
बता दें कि यह गिरफ्तारी 3 जुलाई, 2026 को किए गए एक संयुक्त मेगा-ऑपरेशन के बाद हुई है।
तब गुजरात ATS और स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश के कई जिलों से जैश-ए-मोहम्मद के 8 सक्रिय ऑपरेटिव्स को पकड़ा था।
जांच
जम्मू-कश्मीर में 65 आतंकवादी सक्रिय
गुजरात में एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी तब हुई है, जब संभावना जताई जा रही है कि जम्मू-कश्मीर में कम से कम 65 विदेशी आतंकवादी सक्रिया हैं।
इनमें से करीब 55 पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं, जबकि 10 अन्य छोटे आतंकी संगठनों से हैं।
घाटी में स्थानीय आतंकवादियों की संख्या कथित तौर पर शून्य जाने के बाद, सुरक्षा बलों ने विदेशी आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दिए हैं।