ग्रेटर नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 3 साल के बच्चे की मौत
क्या है खबर?
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में पानी से भरे एक गड्ढे में गिरने से 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की पहचान देवांश के रूप में हुई है। घटना शनिवार को दनकौर कोतवाली क्षेत्र के दलेलगढ़ गांव की बताई जा रही है। बच्चा जिस गड्ढे में गिरा है, वह 6 से 7 फीट का था, जिसमें पानी भरा था। लोगों ने घटना को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
हादसा
क्या है पूरा मामला?
अमर उजाला के मुताबिक, बच्चा देवांश गांव में अपने मामा के घर माता-पिता के साथ एक पूजा में आया था। यहां शनिवार को दोपहर में खेलते समय वह तालाब के पास गड्ढे में गिर गया। बताया जा रहा है कि यह इलाका जानवरों के चरने वाला है, जहां गड्ढा है। इसमें पानी भरा हुआ था। बच्चे के न दिखने पर लोगों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद पानी में उसकी टोपी तैरती दिखी, तब पानी में उतरकर उसे निकाला गया।
शिकायत
तारबंदी की शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने गड्ढे के संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत की थी। लोगों की मांग थी कि गड्ढे के आसपास तारबंदी की जाए, ताकि जानवर और लोग सुरक्षित रहें। हालांकि, प्राधिकरण ने कोई ध्यान नहीं दिया और शनिवार को हादसा हो गया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने हादसे के बाद मौके पर मुआयना भी किया है। उनका कहना है कि यह जमीन किसी किसान के नाम पर है।