Page Loader
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधरी, GRAP-3 की पाबंदियां हटाई गईं
दिल्ली में GRAP-3 की पाबंदियां हटाई गई हैं

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सुधरी, GRAP-3 की पाबंदियां हटाई गईं

लेखन आबिद खान
Jan 05, 2025
07:05 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार आने के बाद राजधानी और आसपास के इलाकों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) की तीसरे चरण की पाबंदियां हटाई गई हैं। बीते 24 घंटे में दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। आज शाम को 4 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 339 और 5 बजे 335 दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में हवा के और साफ होने के संकेत हैं।

GRAP-3

किन-किन गतिविधियों पर से प्रतिबंध हटा?

अब BS-III वाले पेट्रोल वाहनों और BS-IV के डीजल वाहनों को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रवेश हो सकेगा। पूरे NCR में निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध और खनन से जुड़ी गतिविधियों पर रोक हट गई है। गैर-इलेक्ट्रिक, CNG और BS-VI डीजल अंतरराज्यीय बसें भी NCR में प्रवेश कर सकेंगी। ईंट-भट्ठे और स्टोन क्रशर शुरू हो सकेंगे। डीजल जनरेटर का इस्तेमाल भी किया जा सकेगा। औद्योगिक स्तर के वेल्डिंग और गैस-कटिंग कार्य पर शुरू होंगे।

GRAP

क्या है GRAP?

दिल्ली और आसपास में जब AQI 200 के पार जाता है, तब GRAP लागू किया जाता है। यह 4 चरणों में लागू किया जाता है। इसके तहत सर्दियों में प्रदूषण कम करने के लिए धूल को कम करना, प्रतिबंध लगाना, कचरा निस्तारण, सड़कों की साफ-सफाई से प्रदूषण को कम किया जाता है। 0-50 AQI को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 200-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' तथा 401-500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।