LOADING...
दिल्ली में GRAP का पहला चरण लागू, AQI बढ़ने के बाद लिया गया फैसला
दिल्ली में GRAP का पहला चरण लागू किया गया है (फाइल तस्वीर)

दिल्ली में GRAP का पहला चरण लागू, AQI बढ़ने के बाद लिया गया फैसला

लेखन आबिद खान
Apr 16, 2026
07:50 pm

क्या है खबर?

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू कर दिया है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में हवा की गुणवत्ता बिगड़ने के बाद ये फैसला लिया गया है। आज दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 226 दर्ज किया गया, खराब श्रेणी में आता है। इसके बाद GRAP पर बनी उपसमिति ने बैठक के दौरान GRAP का पहला चरण लागू करने का फैसला लिया है।

बयान

उपसमिति ने बताई GRAP लागू करने की वजह

उपसमिति ने कहा, "दिल्ली का AQI मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण लगातार बढ़ रहा है। आज यानी 16 अप्रैल को यह 226 (खराब श्रेणी) में दर्ज किया गया। इसके अलावा, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 2 दिनों तक AQI 'खराब' श्रेणी में ही रहने की संभावना है। इसलिए, उपसमिति ने पूरे NCR में मौजूदा GRAP के पहले चरण के तहत सभी उपायों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का फैसला किया है।"

उपाय

पहले चरण में क्या-क्या कदम उठाए जाएंगे?

GRAP का पहला चरण लागू होने के बाद प्रदूषण पर काबू पाने के लिए जमीनी स्तर पर सख्ती बढ़ाई जाती है। इसके तहत धूल कम करने के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव और स्वीपिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है। खुले में पत्तियां, कचरा या अन्य बायोमास जलाने पर प्रतिबंध रहता है। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय लागू किए जाते हैं। CAQM ने कहा कि वो स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

Advertisement