मुफ्त राशन पर बड़ा बदलाव: छोटे परिवारों पर गिरेगी गाज, 28 प्रतिशत तक कम होगा अनाज
सरकार भारत की खाद्य सुरक्षा योजना में एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे और कमजोर परिवारों पर पड़ सकता है। अभी तक, अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत हर परिवार को, चाहे उसमें कितने भी सदस्य हों, हर महीने 35 किलोग्राम अनाज मिलता रहा है। नए ड्राफ्ट नियमों के मुताबिक, अब हर व्यक्ति को 7 किलोग्राम अनाज देने का प्रस्ताव है, लेकिन एक परिवार को कुल 35 किलोग्राम से ज्यादा अनाज नहीं मिलेगा।
AAY राशन में अनाज की मात्रा 28 प्रतिशत कम हो सकती है
अगर आप एक छोटे परिवार में रहते हैं या अकेले रहते हैं, तो आपके महीने के राशन में भारी कटौती हो सकती है। मिसाल के तौर पर, अगर आप अकेले रहते हैं तो आपका राशन 35 किलोग्राम से घटकर सिर्फ 7 किलोग्राम रह जाएगा। बड़े परिवार (जिनमें 6 या उससे ज्यादा सदस्य हैं) को तो अभी भी पूरा 35 किलोग्राम अनाज मिलता रहेगा, लेकिन उनके हर सदस्य के हिस्से में कमी आएगी। कुल मिलाकर, इस बदलाव के कारण पूरे देश में हर महीने AAY के तहत मिलने वाले अनाज में करीब 28 प्रतिशत तक की कटौती हो सकती है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान उन घरों को होगा जहां सिर्फ एक सदस्य है, जैसे विधवाएं और बुज़ुर्ग। हालांकि, अभी कुछ भी नहीं बदलेगा, क्योंकि संसद से इस संशोधन को मंज़ूरी मिलना बाकी है।